ट्रांसफार्मर जलने को लेकर 06 घन्टे ठप रही आपूर्ति

शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। आदर्श नगर पंचायत शोहरतगढ़ के वार्ड मोतीलाल नगर तिराहा के पास रविवार दोपहर 400 केवीए का ट्रांसफार्मर अचानक आग की चपेट में आ गया। धुएं और लपटों को देखकर आसपास के लोग दहशत में आ गयें। मौके पर मौजूद सभासद सतीश कुमार वर्मा ने तत्काल परसिया विद्युत उपकेन्द्र को फोन कर आपूर्ति बन्द करवाई और लोगों व वाहनों को सुरक्षित दूरी पर हटवाया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि ट्रांसफार्मर के ऊपर से गुजर रहे केबल भी जलने लगे। घटना की सूचना मिलते ही विद्युतकर्मी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान वार्ड के करीब 300 उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। दोपहर लगभग 12 बजे कटी बिजली देर शाम तक बहाल हो सकी। भीषण गर्मी के बीच छह घन्टे की बिजली कटौती से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कत का सामना करना पड़ा। एसडीओ विनोद कुमार यादव ने बताया कि ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी थी। उसमें भरा तेल जलने से लपटें उठीं। घटना के बाद तुरन्त कर्मियों को लगाया गया और मरम्मत कार्य पूरा होते ही आपूर्ति बहाल कर दी गई।




