नगर पालिका बांसी का हार्ट बनेगा पोखरा का सुन्दरीकरण- जिलाधिकारी डा0 राजा गणपति आर0
पोखरा का सुन्दरीकरण कार्य और पार्क बनकर तैयार हो गया है, जो काफी सुन्दर है - विधायक जय प्रताप सिंह

बांसी/सिद्धार्थनगर। नगर पालिका परिषद बांसी द्वारा निर्मित आजाद पोखरा सुन्दरीकरण कार्य और राप्ती नदी के उत्तरी छोर पर बने रुद्र योग मुद्रा प्रतिमा सहित कई अन्य सड़कों का लोकार्पण विधायक जय प्रताप सिंह, जिलाधिकारी डा0 राजा गणपति आर0 ने शनिवार की रात में किया है। इस अवसर पर विधायक जय प्रताप सिंह ने कहा कि पोखरा का सुन्दरीकरण कार्य और पार्क बनकर तैयार हो गया है जो काफी सुन्दर है। इसमें कुछ कमियां है, उसे पूरा किया जायेगा। उन्होंने लोगों से कहा कि आपसब आये और इसका लाभ लें, साथ ही साथ इसकी सुन्दरता को बनाये रखने में अपना सहयोग दें। उन्होंने कहा कि नगर पालिका ने यह पार्क आपके लिए बनाया है और यह आपका है।नगर के विकास के प्रति वह काफी प्रयासरत है। इस अवसर पर जिलाधिकारी डा0 राजा गणपति आर0 ने कहा कि पोखरा सुन्दरीकरण कार्य का आज लोकार्पण हो गया है। यह बांसी कस्बे का हार्ट है, इसे काफी सुन्दर बनाया गया है। जिला प्रशासन और नगर पालिका का काम था, इसे बनाना। अब इसके स्वच्छता और सुन्दरता को बनाये रखने की जिम्मेदारी हम सब की है। उन्होंने कहा कि कस्बे के निराला नगर वार्ड में स्थित पोखरा का सुन्दरीकरण कराये जाने की मांग हुई है। इसके सुन्दरीकरण के लिए प्रोजेक्ट तैयार कराने को कहा है।नपा अध्यक्ष चमन आरा राईनी ने कहा कि पोखरा का सुन्दरीकरण उनका ड्रीम प्रोजेक्ट था, जो आज पूरा हो गया है। इसका लोकार्पण होता देख वह काफी खुश है। उन्होंने कहा कि इस पोखरे का सुन्दरीकरण, संरक्षण तो हुआ ही है। इसके साथ ही इसे पिकनिक और मार्निंग वॉक स्पॉट के रूप में विकसित किया गया है। जहां बच्चों के साथ-साथ सभी लोग आकर घूम सकते है। कार्यक्रम के अन्त में पूर्व नपा अध्यक्ष मो0 इदरीश पटवारी व अधिशाषी अधिकारी मुकेश कुमार ने कार्यक्रम में आये सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी गौरव श्रीवास्तव, तहसीलदार पियूष श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहें।




