बुद्ध विद्यापीठ पीजी कॉलेज में 10 और 11 मार्च को होगा नेशनल यूथ पार्लियामेंट मेगा इवेंट 2025

सिद्धार्थनगर। भारत सरकार के युवा एवं कल्याण खेल मंत्रालय के मार्गदर्शन में नेशनल यूथ पार्लियामेंट 2025 के अंतर्गत मेगा इवेंट कराए जाने के लिए जनपद सिद्धार्थ नगर के बुद्ध विद्यापीठ पीजी कॉलेज को नोडल केंद्र बनाया गया है एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अभय कुमार श्रीवास्तव नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। मेगा इवेंट के समन्वयक के रूप में डॉक्टर शक्ति जायसवाल ,एसोसिएट प्रोफेसर राजनीति विज्ञान विभाग, बुद्ध विद्यापीठ पीजी कॉलेज हैं। इस मेगा इवेंट में सिद्धार्थ महाविद्यालय से सम्बद्ध महाविद्यालय जनपद सिद्धार्थनगर, बस्ती, श्रावस्ती, बलरामपुर के 18 से 25 वर्ष आयु तक के विद्यार्थी सहभागिता कर सकेंगे। प्रतिभागी विद्यार्थी को 9 मार्च 2025 तक माई भारत पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन एवं 1 मिनट का वीडियो (विकसित भारत के संदर्भ में) अपलोड करना होगा। जिला युवा एवं कल्याण अधिकारी के स्तर पर रजिस्टर्ड प्रतिभागी विद्यार्थियों में से 150 प्रतिभागी विद्यार्थी इस कार्यक्रम में सहभागिता हेतु बुद्ध विद्यापीठ पी जी कॉलेज में दिनांक 10 एवं 11 मार्च 2025 को प्रतिभाग करेंगे, प्रतिभागी विद्यार्थियों को जिला स्तर, राज्य स्तर एवं केंद्र स्तर पर उचित पारितोषिक भी दिया जाएगा। जिला स्तर कार्यक्रम में जजेज कमेटी के निर्णय अनुसार 10 सर्वाेत्तम प्रतिभागियों को राज्य स्तर में प्रतिभाग करने के लिए भेजा जाएगा। समन्वयक डॉक्टर शक्ति जायसवाल ने बताया कि कार्यक्रम का मूल उद्देश्य देश की राजनीति में युवाओं का उत्साह वर्धन एवं जागरूकता का प्रसार करना है। यहां प्रतिभागी विद्यार्थी जिला स्तर में विकसित भारत के संदर्भ में, राज्य स्तर पर नागरिक अधिकार, कर्तव्य , इत्यादि के संदर्भ में अपनी बात को रखने का उचित पटल प्राप्त करता है। इस तरह युवाओं को नए भारत की उपलब्धियां, उसकी ताकत,राष्ट्रीय हित के मुद्दों पर विमर्श करने का एक सुंदर अवसर प्राप्त होता है।




