संसद में सांसद पाल ने सिद्धार्थनगर एवं बौद्ध सर्किट को वंदे भारत ट्रेन से जोड़ने का पूरक प्रश्न

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज सांसद जगदम्बिका पाल ने बुधवार को संसद में रेल मंत्री से सिद्धार्थनगर को वंदे भारत ट्रेनों के माध्यम से बौद्ध सर्किट के अन्य महत्वपूर्ण स्थलों से जोड़ने की संभावना पर पूरक प्रश्न पूछा।श्री पाल ने क्षेत्र के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि तेज गति रेल संपर्क से तीर्थ यात्रियों की आवाजाही बढ़ेगी, क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर बौद्ध पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इस पर जवाब देते हुए रेल मंत्री ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और आशा व्यक्त की कि नई वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत तथा उत्तर प्रदेश में उच्च गति रेल कॉरिडोर के लिए केन्द्रीय बजट में की गई घोषणाओं से इस क्षेत्र को व्यापक लाभ मिलेगा। रेल मंत्री ने कहा कि बेहतर रेल अवसंरचना से पहुंच आसान होगी, यात्रा समय कम होगा और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी। सांसद जगदम्बिका पाल ने रेल मंत्री के उत्तर का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि ये पहल उत्तर प्रदेश को एक प्रमुख आध्यात्मिक एवं पर्यटन केन्द्र के रूप में और सशक्त बनायेगी तथा स्थानीय रोजगार और अवसंरचना विकास को भी बढ़ावा देगी।




