फेसबुक अकाउन्ट के प्रोफाइल को लॉक करके रखने की जरूरत है- संतोष कुमार सिंह

शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। तहसील शोहरतगढ़ अन्तर्गत तुलसियापुर चौराहे पर स्थित पं0 बाबूराम शुक्ल विद्या मन्दिर इण्टर कालेज में शनिवार को साइबर अपराध जागरुकता अभियान के तहत कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें ढेबरुआ थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सदुपयोग करने की बात कही। साथ ही वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर क्राइम के बारें में अवगत कराया कि किस प्रकार हम समय रहते इन अपराधों से अपना बचाव कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर क्राइम तेजी से बढ़ रहा है। उससे बचने के लिए सतर्कता जरूरी है। उन्होंने बताया कि साइबर अपराध से बचने के लिए फेसबुक, इंस्टाग्राम एवं व्हाट्सएप का उपयोग सतर्कता के साथ करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि फेसबुक अकाउन्ट के प्रोफाइल को लॉक करके रखने की जरूरत है। व्हाट्सएप एवं टेलीग्राम आदि मैसेजिंग एप पर आने वाले अंजान लिंक तथा फाइल को क्लिक करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि फ्रॉड कॉल से भी बचने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अगर किसी के साथ साइबर फ्रॉड हो जायें तो वह 1930 पर तत्काल कॉल करने की जरूरत है। यह भारत सरकार का टोल फ्री नम्बर है। कॉल करते ही पूरा डिटेल मांगा जायेगा तो उसे पूरा जानकारी उपलब्ध कराना है। उसके बाद उसे एक्नॉलेजमेंट नम्बर मिलेगा और यह मामला साइबर थाना को भेजा जायेगा। साथ ही जिस अकाउन्ट से फ्रॉड होता है, उसे अकाउन्ट को होल्ड कर दिया जाता है। जिससे आगे पैसा नहीं कटता है। उसके बाद साइबर थाना कार्रवाई शुरू कर देगी। प्रधानाचार्य रवि शुक्ल ने बताया कि मजबूत पासवर्ड, दो-स्तरीय सत्यापन और संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करना साइबर सुरक्षा के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण है। उन्होंने ऑनलाइन गेमिंग, सोशल मीडिया, और अनधिकृत वेबसाइट से होने वाले खतरों के बारें में चर्चा की। महिला कांस्टेबल कांति मिश्रा ने छात्राओं को डायल 112,1090 के बारे में बताया। इस दौरान प्रबन्धक अनुपम शुक्ल, अध्यक्ष मयंक शुक्ल, आशाराम यादव, सुमेरु गिरी, अजय यादव, धनन्जय पाठक, जितेन्द्र शुक्ल, प्रदीप मौर्य, रीना त्रिपाठी, सीतू गुप्ता, शिवानी तिवारी, सुनैना सिंह, लाडो शुक्ला आदि मौजूद रहें।




