रेलवे अंडरपास से निकला पानी, ग्रामीणों को मिली राहत

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर। महथा बाजार के पास रेलवे अंडरपास में कई दिनों से भरे पानी की समस्या का समाधान हो गया है। सिद्धार्थ वेलफेयर सोसाइटी की पहल पर रेल प्रशासन ने महज 12 घंटे के भीतर पंपिंग सेट लगाकर पानी निकालने का कार्य शुरू कर दिया, जिससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है।गोरखपुर-बढ़नी-गोंडा रेलखंड पर शोहरतगढ़-परसा स्टेशन के बीच स्थित महथा बाजार के समीप एलएचएस-73 अंडरपास में हालिया बारिश के कारण जलभराव हो गया था। इससे महथा, लेदवा, गजहड़ा, सेंगवार, बौड़हारी और नहरी समेत कई गांवों के लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा था।स्थानीय स्तर पर शिकायत के बावजूद समाधान न होने पर महथा ग्राम प्रधान सीताराम और प्रतिनिधि शेख मोहम्मद आसिम नैय्यर ने सिद्धार्थ वेलफेयर सोसाइटी के प्रबंधक वकार मोइज खां से संपर्क किया। इसके बाद सोसाइटी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से रेलवे के उच्च अधिकारियों और रेल मंत्रालय को समस्या से अवगत कराया।मामले को गंभीरता से लेते हुए रेल प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। परिणामस्वरूप सोमवार को अंडरपास से पानी निकालने का कार्य शुरू कर दिया गया।जलभराव समाप्त होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और सिद्धार्थ वेलफेयर सोसाइटी तथा रेलवे प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।




