बारात निकलने से पहले दूल्हा फरार, परिजनों में मचा हड़कंप

दैनिक बुद्ध का संदेश
इटवा। क्षेत्र के रानीजोत बेलवटिया गांव में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बारात निकलने से ठीक पहले दूल्हा घर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बैदौलीपुर के राजस्व ग्राम रानीजोत बेलवटिया निवासी युवक की शादी इटवा थाना क्षेत्र के मेहदिया गांव में तय हुई थी। शनिवार रात बारात जानी थी और दोनों परिवार शादी की तैयारियों में जुटे थे।बताया जा रहा है कि बारात निकलने से पहले युवक ने अपने चचेरे भाई को मोबाइल पर संदेश भेजकर घर छोड़ने की जानकारी दी और फिर कहीं चला गया। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन देर रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका।घटना के बाद लड़की पक्ष और लड़के पक्ष दोनों परिवारों में मायूसी छा गई। वहीं गांव में पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।




