नवागत सीओ का हुआ स्वागत, सुरक्षा व्यवस्था पर हुई चर्चा

दैनिक बुद्ध का संदेश
सोनौली/महराजगंज। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की सोनौली एवं नौतनवा इकाई के पदाधिकारियों ने नवागत पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) बसन्त सिंह से शिष्टाचार भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें सम्मानित करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष संतोष अग्रहरी, बबलू सिंह, सपा नेता बैजु यादव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर क्षेत्रीय समस्याओं और व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। भेंट के दौरान व्यापारियों ने क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सोनौली जैसे संवेदनशील और अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े क्षेत्र में कानून व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रहना बेहद जरूरी है, ताकि व्यापार और आम जनजीवन सुचारु रूप से चलता रहे। इस पर सीओ बसन्त सिंह ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी समस्या या शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि सीओ बसन्त सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा व्यापारियों और आम जनता को सुरक्षित व बेहतर माहौल मिलेगा। इस मौके पर दिनेश बर्मा, रमेश जायसवाल, संत जायसवाल, किशोर मद्देशिया, बिजेंद्र जायसवाल और सचिन जायसवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




