रामजानकी मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, प्रसाद वितरण

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।ज्येष्ठ माह के प्रथम मंगलवार के अवसर पर स्थानीय रामजानकी मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर कमेटी की अगुवाई में भव्य पूजन-अर्चन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण भजन-कीर्तन एवं जयकारों से गूंज उठा।पूजन कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान से भगवान श्रीराम दरबार, श्रीराधा-कृष्ण, हनुमान जी महाराज, शनिदेव तथा भगवान शिव सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आराधना की गई। पुजारियों द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ विशेष पूजा संपन्न कराई गई, साथ ही पप्पू लक्खा द्वारा सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ कराया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। पूजन-अर्चन के पश्चात मंदिर कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। कमेटी के सदस्यों ने व्यवस्था को सुचारु बनाए रखते हुए सभी को व्यवस्थित ढंग से प्रसाद वितरित किया। मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी कार्यक्रम को श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। महामंत्री मनोज कुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि ज्येष्ठ माह के सभी मंगलवार को मंदिर परिसर में इसी प्रकार पूजन-अर्चन के साथ प्रसाद वितरण किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान मंदिर कमेटी के अध्यक्ष नंदू गौड़, शिवपूजन वर्मा (भोलेनाथ), रामसेवक गुप्ता, सतीश मित्तल, महामंत्री मनोज कुमार गुप्ता, शैलेन्द्र कौशल, दिलीप वर्मा, त्रिलोकी नाथ पाण्डेय, संतोष पोद्दार, महावीर वर्मा, राम मिलन चौधरी, राजेश अग्रहरि, राजू गोस्वामी, मुकेश पोद्दार, महेश कसौधन, श्रवण पटवा, रिंकू चौधरी, सर्वेश खेतान, बबलू गौड़, राजेन्द्र कांदू, रिंकू वर्मा, अधिवक्ता दद्दू तिवारी, प्रगति पाण्डेय, मनोज तिवारी, श्रीराम पटवा, चन्द्र प्रकाश, रंजीत मित्तल, विक्रांत सिंह, राधेश्याम गुप्ता, गोलू पासवान, जगदीश कौशल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर हे.का. प्रभाकर यादव व हे.का. दिनेश यादव आदि पुलिसकर्मी तैनात रहे।




