हुजूरपुर थाने में महिला सिपाही का शव फंदे से लटका मिला, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

हुजूरपुर थाने में महिला सिपाही का शव फंदे से लटका मिला, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
बहराइच। जिले के हुजूरपुर थाने में सोमवार देर शाम एक महिला सिपाही का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिलने से पुलिस महकमे में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई।
जानकारी के अनुसार महराजगंज जनपद निवासी 25 वर्षीय ज्योति पासवान हुजूरपुर थाने में महिला आरक्षी के पद पर तैनात थीं। सोमवार शाम करीब पांच बजे वह जिला मुख्यालय से वापस थाने पहुंचीं और अपने आवासीय कक्ष में चली गईं। करीब आधे घंटे बाद जब थाने के कर्मचारियों ने ऊपर जाकर देखा तो उनका शव कमरे में पंखे से लटका मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मियों ने तत्काल शव को नीचे उतारा। मौके पर पहुंचे निजी चिकित्सक डॉ. कुशल कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला सिपाही की मौत की खबर फैलते ही थाना परिसर में शोक और स्तब्धता का माहौल बन गया।
सूचना पर क्षेत्राधिकारी कैसरगंज धीरेंद्र श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को देते हुए जांच शुरू कर दी है। बताया जाता है कि ज्योति पासवान वर्ष 2019 बैच की सिपाही थीं और करीब डेढ़ वर्ष से हुजूरपुर थाने में तैनात थीं।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि महिला सिपाही की मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है और साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी।




