बहराइच: पयागपुर में शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ मोहर्रम, प्रशासन की व्यवस्था रही सफल

पयागपुर। बहराइच के थाना पयागपुर क्षेत्र में मोहर्रम का पर्व शनिवार को पूरी श्रद्धा, अनुशासन और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। ताजिया जुलूसों के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रशासन और पुलिस विभाग की सतर्कता के चलते कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
मोहर्रम के अवसर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। संवेदनशील स्थानों सहित प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा कर्मियों की निगरानी रही तथा चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर बनी रही। अधिकारियों ने लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जुलूसों में शामिल लोगों ने शांति एवं अनुशासन बनाए रखा, जिससे पूरे क्षेत्र में अमन, भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी नागरिकों, आयोजकों और स्वयंसेवकों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग और सतर्क व्यवस्था के कारण मोहर्रम का पर्व सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सका।




