सर्पदंश से युवक की मौत, पोस्टमार्टम के बाद अमहवा घाट पर हुआ अंतिम संस्कार

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। इटवा थाना क्षेत्र के लटेरा गांव में सर्पदंश से एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार देर शाम अमहवा घाट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।जानकारी के अनुसार, लटेरा गांव निवासी कमलेश आर्या (37) शुक्रवार रात भोजन करने के बाद अपने बिस्तर पर सो रहे थे। रात करीब 11 बजे उन्हें विषैले सर्प ने डंस लिया, जिससे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।परिजन उन्हें तत्काल खुनियांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया। वहां भी स्थिति में सुधार न होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर भेजा गया।गोरखपुर में इलाज के दौरान रविवार को कमलेश की मृत्यु हो गई। शव गांव पहुंचने पर सूचना मिलने पर इटवा पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।सोमवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने अमहवा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया। इटवा थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि सर्पदंश से मृत्यु के मामले में पोस्टमार्टम कराकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर ली गई है।




