गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशबस्ती

चमनगंज-चरकैला मार्ग की धंसी सड़क बनी मौत का गड्ढा, हादसे के बाद भड़के ग्रामीण

दैनिक बुद्ध का संदेश
बस्ती। जिले के चमनगंज-चरकैला मार्ग पर लोक निर्माण विभाग की लापरवाही अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है। कई सप्ताह पहले धंसी सड़क आज भी अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है, जबकि जिम्मेदार विभाग केवल आश्वासन देने तक सीमित नजर आ रहा है। दो दिन पहले इसी गहरे गड्ढे में गिरकर एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हादसे में उसकी दोपहिया बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।राष्ट्रीय राजमार्ग-28 के चमनगंज चौराहे से करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित यह धंसा हुआ हिस्सा बरसात के चलते और अधिक खतरनाक बन चुका है। गड्ढे में लगातार पानी भरने से सड़क तेजी से टूट रही है और किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। इसी मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण, स्कूली बच्चे और दोपहिया वाहन चालक गुजरते हैं, लेकिन सुरक्षा के नाम पर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले वर्ष भी बरसात के दौरान इसी स्थान पर सड़क धंस गई थी। शिकायत के बाद विभाग ने मरम्मत तो कराई, लेकिन घटिया निर्माण कार्य पहली ही बरसात नहीं झेल सका और सड़क फिर धंस गई। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन देते हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई दिखाई नहीं देती।इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के एसडीओ धनंजय पाण्डेय से फोन पर संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि धंसी सड़क को कर्मचारियों से दिखवाकर जल्द ही मरम्मत करा दी जाएगी।हालांकि ग्रामीण इस आश्वासन से संतुष्ट नहीं हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि प्रशासन किसी और बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय तत्काल सड़क को दुरुस्त कर लोगों की जान बचाने की दिशा में कार्रवाई करे।

Related Articles

Back to top button