खेत में गिरी आकाशीय बिजली, 9 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत

दैनिक बुद्ध का संदेश
भगवानपुर/सोनौली, महराजगंज। सोनौली कोतवाली क्षेत्र के भगवानपुर ग्राम पंचायत के हनुमानगढ़िया टोला सोहनी में सोमवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से 9 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, आयुष चौरसिया (9) अपने माता-पिता के साथ खेत में धान की नर्सरी (बीया) काटने गया था। सुबह करीब 7रू30 बजे अचानक मौसम बदल गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से आयुष गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे बचाने का प्रयास करते रहे, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई।सूचना मिलते ही सोनौली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करने और आपदा राहत के तहत मुआवजा दिलाने की मांग की है।


