बहराइच में कांग्रेस को बड़ा झटका: जिला उपाध्यक्ष डॉ. प्रीतम शुक्ला ने दिया इस्तीफा, युवाओं की उपेक्षा का लगाया आरोप
दैनिक बुद्ध का सन्देश
बहराइच। जनपद की राजनीति में आज एक अहम घटनाक्रम सामने आया, जब कांग्रेस कमेटी के जिला उपाध्यक्ष डॉ. प्रीतम शुक्ला ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता सहित अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। वर्ष 2018 से 2026 तक पार्टी में सक्रिय रहे डॉ. शुक्ला ने अपने राजनीतिक सफर को समाप्त करने की घोषणा की।
इस्तीफे के साथ जारी बयान में डॉ. शुक्ला ने पार्टी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि “पार्टी की गतिविधियों को अब बर्दाश्त कर पाना और अपनी जिम्मेदारियों को भूल पाना संभव नहीं है।”
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि “पार्टी में अब युवाओं को दबाने की राजनीति शुरू हो गई है, जिसके चलते इस्तीफा देना पड़ रहा है।”
इससे पहले अपने संदेश में उन्होंने लिखा था—
“मैं कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और राजनीतिक पद सभी से इस्तीफा देता हूं। जय हिंद, जय भारत। (2018–2026) तक का सफर आज पूर्ण हुआ।”
साथ ही उन्होंने एक प्रेरक पंक्ति साझा की—
“खुद को इतना कमजोर मत समझो कि किसी के बर्ताव से टूट जाओ, हम वो हैं जो पत्थर काट कर भी अपना रास्ता निकाल लेते हैं।”
डॉ. प्रीतम शुक्ला का नाम जिले में कांग्रेस के सक्रिय और मुखर नेताओं में शामिल रहा है। उनके इस्तीफे से पार्टी संगठन को स्थानीय स्तर पर झटका माना जा रहा है।
फिलहाल, कांग्रेस की ओर से इस इस्तीफे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जबकि राजनीतिक हलकों में इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि डॉ. शुक्ला आगे किस राजनीतिक दिशा में कदम बढ़ाते हैं।





