रफ्तार का कहर! अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला गंभीर, जिंदगी और मौत के बीच जंग

पयागपुर/बहराइच। जनपद के पयागपुर क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल महिला झाला तरहर गांव की निवासी बताई जा रही है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए महिला को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पयागपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार किया।
स्थिति गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने महिला को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। वहां उसका इलाज जारी है और हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
उधर, हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों में आक्रोश:
लगातार हो रहे सड़क हादसों से क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।




