नहर की पुलिया के नीचे युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। जगदीशपुर राजा टोला कोइलरहा गांव में बुधवार सुबह नहर की पुलिया के नीचे एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर राजा गांव निवासी जसवंत (32) पुत्र शिवकुमार के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। परिजनों के अनुसार, जसवंत मंगलवार शाम करीब 4 बजे घर से सब्जी लेने बाजार जाने की बात कहकर निकला था। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बुधवार सुबह गांव के कुछ लोग भैंस चराने नहर की ओर गए, जहां पुलिया के नीचे शव देखा गया। इसके बाद उन्होंने तुरंत गांव वालों और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि जसवंत के सिर और नाक पर गंभीर चोट के निशान थे। नाक और सिर से खून बह रहा था और घटनास्थल पर भी खून के छींटे पड़े थे। इन परिस्थितियों को देखते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक के पिता शिवकुमार ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या कर शव को वहां फेंका गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर मिथिलेश कुमार राय ने बताया कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




