मटेरा में सख्त एक्शन: नियम तोड़ने पर 14 ई-रिक्शा सीज, पुलिस का अभियान तेज
मटेरा (बहराइच)। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 14 ई-रिक्शा वाहनों को सीज कर दिया। यह कार्रवाई थाना मटेरा क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस अधीक्षक बहराइच के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी व क्षेत्राधिकारी नानपारा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक मटेरा हरीकेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस व यातायात टीम ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 14 ई-रिक्शा वाहनों को नियमानुसार सीज किया गया।
प्रभारी निरीक्षक हरीकेश सिंह ने बताया कि यह अभियान मटेरा चौराहा क्षेत्र में चलाया गया, जहां बिना वैध दस्तावेज, ओवरलोडिंग व अन्य नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
अभियान में यातायात निरीक्षक विजेंद्र कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक महबूब आलम, उपनिरीक्षक रवि यादव सहित यातायात टीम के अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।





