घर में छिपाकर रखा था 2630 लीटर पेट्रोल-डीजल, आपूर्ति विभाग की छापेमारी में बड़ा खुलासा
बहराइच। जनपद के ग्राम गनापुर (थाना बौंडी क्षेत्र) में आपूर्ति विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर में अवैध रूप से भंडारित भारी मात्रा में पेट्रोल-डीजल बरामद किया है। छापेमारी के दौरान कुल 2630 लीटर ईंधन जब्त किया गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घर के अंदर ड्रमों में पेट्रोल और डीजल छिपाकर रखा गया था। बरामदगी में करीब 11 ड्रम पेट्रोल और 2 ड्रम डीजल शामिल बताए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से ईंधन की कालाबाजारी की जा रही थी। ग्रामीणों ने बताया कि पेट्रोल पंप से ईंधन लाकर अधिक दामों पर बेचा जाता था, जिससे आम उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह अवैध भंडारण है या कालाबाजारी, इसकी विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
प्रशासन सख्त, आगे भी जारी रहेंगी कार्रवाई
जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में अवैध भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि इस तरह की गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





