जनपद में चकमार्गों को खाली कराकर ग्रामीणों एवं आमजनों के आवागमन को किया गया सुव्यवस्थित

दैनिक बुद्ध का संदेश
गोन्डा। जनपद में विशेष अभियान चक मार्ग पर अतिक्रमण हटाने का।अब 01 अप्रैल, 2026 से डीएम श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार चकमार्ग/सार्वजनिक चकरोडों को अतिक्रमण मुक्त कराने का व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।इस अभियान के अंतर्गत राजस्व,पुलिस तथा विकास विभाग की संयुक्त टीम द्वारा निरंतर कार्यवाही करते हुए चकमार्गों को पुनः आमजन के आवागमन के लिए सुव्यवस्थित किया जा रहा है।इस अभियान का परिणाम अत्यंत संतोषजन रहा हैं। वहीं आपको बता दें कि प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील सदर गोण्डा में अब तक 46 चकमार्ग,तहसील तरबगंज में 73 चकमार्ग, तहसील करनैलगंज में 95 चकमार्ग तथा तहसील मनकापुर में 60 चकमार्ग/सार्वजनिक चकरोड, इस प्रकार कुल मिलाकर जनपद में अब तक 274 से अधिक चकमार्ग/सार्वजनिक चकरोडों को सफलतापूर्वक अतिक्रमण मुक्त कराया जा चुका है।इस प्रकार कुल मिलाकर बड़ी संख्या में चकमार्गों को खाली कराकर ग्रामीणों एवं आमजन के आवागमन को सुव्यवस्थित बनाया गया है।बता दें कि डीएम गोण्डा श्रीमती प्रियंका निरंजन ने इस अभियान को जनहित में अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्थिति में सार्वजनिक मार्गों पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान में और तेजी लाने तथा अगल बगल के खातेदारों की उपस्थिति में पारदर्शिता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।यह भी कहा गया है कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। डीएम ने जनपद के सभी ग्राम वासियों से अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को चकमार्ग या सार्वजनिक चकरोड से संबंधित कोई शिकायत,आपत्ति अथवा सुझाव हो तो वह इस अभियान के दौरान अपनी बात प्रशासन तक अवश्य पहुंचाएं।प्रशासन द्वारा प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा,जिससे आमजन को त्वरित राहत मिल सके।यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और जनपद के सभी चकमार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लक्ष्य को पूर्ण किया जाएगा।प्रशासन का उद्देश्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुचारू हो, किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में किसी प्रकार की बाधा न आए तथा सार्वजनिक संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।जनपद प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान न केवल कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करेगा,बल्कि ग्रामीण विकास एवं जनसुविधाओं को भी नई दिशा प्रदान करेगा।इस अभियान में डीएम के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार तथा मुख्य राजस्व अधिकारी श्रीमती रिंकी जायसवाल व अन्य अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन जनपद के उपजिलाधिकारियों से खाली कराये गये चकमार्गों की बराबर रिपोर्ट ली जा रही है।




