सीएचसी उतरौला में भीषण गर्मी से बढ़े मरीज

दैनिक बुद्ध का संदेश
उतरौला/बलरामपुर। मौसम के बदलते तेवर व बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी ने क्षेत्र में लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। शनिवार, को ओपीडी में कुल 495 मरीजों का उपचार किया गया। इनमें सबसे ज्यादा मरीज हीट वेव यानी लू से प्रभावित रहे। सभी का चिकित्सकों ने समुचित इलाज किया और जरूरी सलाह दी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. चन्द्र प्रकाश सिंह ने कहा कि दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक धूप सबसे तीखी रहती है। इस दौरान अनावश्यक बाहर न निकलें। जरूरी होने पर सिर और शरीर ढककर निकलें और हल्के, सूती कपड़े पहनें डॉ. सिंह ने कहा कि गर्मी में डिहाइड्रेशन बड़ी समस्या है। प्यास न लगे तब भी नियमित पानी पीते रहें। ओआरएस घोल, नींबू पानी, छाछ, लस्सी और नारियल पानी जैसे तरल पदार्थ अधिक लें। भीड़भाड़ और ज्यादा गर्म जगहों से बचें। ठंडी व हवादार जगह पर रहें। उन्होंने कहा कि चक्कर आना, उल्टी, तेज बुखार, बेहोशी या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखें तो नजरअंदाज न करें। मरीज को तुरंत छायादार जगह ले जाकर प्राथमिक उपचार दें और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर से संपर्क करें। डॉ. सिंह ने कहा कि भीषण गर्मी में सावधानी और जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। सभी लोग उपायों का पालन कर खुद और परिवार को सुरक्षित रखें।




