गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशबहराइच

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कैसरगंज में भ्रष्टाचार का आरोप, बिना अनुमति काटा गया सेमल का पेड़

बहराइच। तहसील मुख्यालय कैसरगंज स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में गंभीर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। विद्यालय प्रशासन पर न केवल छात्राओं से अवैध वसूली करने बल्कि बिना अनुमति वर्षों पुराने सेमल के पेड़ को कटवाकर बेचने का भी आरोप लगा है।
सूत्रों के अनुसार, विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था लंबे समय से प्रभावित है और गरीब व कमजोर वर्ग की छात्राओं से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि विभिन्न मदों में वसूली जा रही है। आरोप है कि छात्राओं से ली जा रही फीस की रसीद भी नहीं दी जाती, साथ ही अभिभावक संघ के नाम पर भी अवैध वसूली की जा रही है। इस रकम का कोई पारदर्शी हिसाब-किताब विद्यालय के शिक्षकों या कर्मचारियों को भी नहीं है।
पेड़ कटान में नियमों की अनदेखी
तीन दिन पूर्व विद्यालय परिसर में वर्षों पुराने सेमल के पेड़ को कार्यवाहक प्रधानाचार्या द्वारा ठेकेदार की मिलीभगत से बिना किसी वैधानिक प्रक्रिया के कटवा दिया गया। बताया जा रहा है कि पेड़ को बेच भी दिया गया।
जब इस मामले में मीडिया ने कार्यवाहक प्रधानाचार्या से बातचीत की, तो उन्होंने कहा कि “पेड़ विद्यालय का है, इसे प्रबंधन की अनुमति से कटवाया गया है, उच्च अधिकारियों की अनुमति आवश्यक नहीं है, बाद में सूचना दे दी जाएगी।” उन्होंने यह भी दावा किया कि वन विभाग से अनुमति की जरूरत नहीं होती।
प्रबंधन व्यवस्था पर भी सवाल
जानकारी के अनुसार, राजकीय विद्यालयों में किसी प्रकार का स्वतंत्र प्रबंधन तंत्र नहीं होता। केवल जूनियर कक्षाओं के लिए मिड-डे मील समिति होती है, जबकि इंटर कॉलेज स्तर पर इस प्रकार की कोई समिति पेड़ कटान जैसे निर्णय लेने के लिए अधिकृत नहीं होती।
वन विभाग ने जताई आपत्ति
इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी कैसरगंज ने स्पष्ट कहा कि बिना वन विभाग और संबंधित अधिकारियों की अनुमति के किसी भी पेड़ को काटना नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने बताया कि मामले की सूचना मिल चुकी है और जल्द ही जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बड़ा सवाल
अब सबसे बड़ा प्रश्न यह उठता है कि क्या विद्यालय प्रशासन शासन के नियमों और जिला स्तर के अधिकारियों के आदेशों से ऊपर है? यदि नहीं, तो इस पूरे मामले में जिम्मेदारों पर कब और क्या कार्रवाई होगी—इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

ब्यूरो दैनिक बुद्ध का सन्देश

ब्यूरो चीफ बहराइच दैनिक बुद्ध का संदेश समाचार पत्र

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!