अपना गांव-बस्ती संपर्क अभियान के तहत घर-घर पहुंचकर गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

दैनिक बुद्ध का संदेश
डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र के भवानीगंज मंडल अंतर्गत जलालपुर ग्राम में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा अपना गांव व बस्ती संपर्क अभियान के तहत व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर आमजन को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों से अवगत कराया।कार्यक्रम की शुरुआत एक बैठक के साथ हुई, जिसमें अभियान की रूपरेखा तैयार की गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने गांव में भ्रमण कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया और लोगों को उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।जनसंपर्क के दौरान पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है तथा अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार सुशासन को प्राथमिकता दे रही है, जबकि पूर्व की सरकारों में अपराधियों को संरक्षण मिलता था।उन्होंने प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां एक ओर एक्सप्रेस-वे जैसे बड़े प्रोजेक्ट तेजी से पूरे हो रहे हैं, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी सड़कों का जाल बिछाकर आवागमन को सुगम बनाया जा रहा है।कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राजकुमार चौधरी ने की, जबकि संचालन संतोष पासवान ने किया। इस अवसर पर लवकुश ओझा, लालजी शुक्ला, गौतम सोनी, हरीश पाण्डेय, विनोद दुबे, सालिकराम वर्मा, धर्मेंद्र गौतम, अजय वर्मा, सतीराम वर्मा, पिंटू पटेल, उमेश सैनी, रामतौल, कमलेंद्र त्रिपाठी सहित कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।




