नवेल खौदी में ‘स्कूल चलो’ व संचारी रोग जागरूकता रैली निकाली गई

दैनिक बुद्ध का संदेश
खुनियाव। ब्लॉक क्षेत्र के कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय नवेल खौदी में गुरुवार को ‘स्कूल चलो अभियान’ एवं संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को खंड शिक्षा अधिकारी महेंद्र कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।रैली के दौरान बच्चों और शिक्षकों ने “एक भी बच्चा शिक्षा से छूटा, पूरे गांव का संकल्प टूटा” और “मम्मी-पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल में चलकर नाम लिखाओ” जैसे नारों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया। रैली गांव के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां लोगों को 6 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया गया।इसके साथ ही संचारी रोगों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया गया। लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने, मच्छरदानी का प्रयोग करने, भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने की सलाह दी गई।कार्यक्रम के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी महेंद्र कुमार, प्रधानाध्यापक अनुराग जायसवाल, प्रबंध समिति अध्यक्ष लालमन, एनपीआरसी लाल बहादुर, उमेश चंद और आशुतोष सहित अन्य शिक्षकों ने भी लोगों को संबोधित किया। इस अवसर पर विद्यालय के मेधावी छात्रों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।रैली एवं कार्यक्रम में शिक्षक सत्य प्रकाश मिश्रा, अमित मिश्रा, जयप्रकाश, विजय मौर्य, मेघनाथ यादव, एनएम बिंदु देवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती मुक्ति देवी, उर्मिला देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम को लेकर बच्चों और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।



