गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर

खुनुवां बॉर्डर पर टीम की सतर्कता से बची नाबालिग लड़की, साथ में पकड़े गए नेपाल ले जा रहे दो युवक

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल सीमा पर सतर्कता दिखाते हुए सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की टीम ने एक नाबालिग भारतीय लड़की को तस्करी के शक में बचा लिया। मामला खुनुवां चेक पोस्ट के पास सीमा स्तंभ संख्या 556 का है, जहां नियमित जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, 43वीं वाहिनी एसएसबी के डी समवाय की टीम मंगलवार को दोपहर 1 बजे से शाम 7 बजे तक ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान करीब 2 बजे दो युवक एक युवती के साथ भारत से नेपाल की ओर जाते दिखाई दिए। चेक पोस्ट पर पूछताछ के दौरान युवकों ने खुद को शादीशुदा बताते हुए नेपाल घूमने जाने की बात कही। मामला संदिग्ध लगने पर ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक पंकज सिंह व टीम ने तत्काल समवाय प्रभारी को सूचना दी। इसके बाद एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट 66वीं वाहिनी एसएसबी एवं उत्तर प्रदेश पुलिस को मौके पर बुलाया गया। संयुक्त टीम द्वारा गहन पूछताछ में युवक अपने बयान पर टिक नहीं सका और मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। जांच में पाया गया कि युवती नाबालिग है और उसे बहला-फुसलाकर नेपाल ले जाने की कोशिश की जा रही थी। युवती की मां से संपर्क करने पर भी युवकों के बारे में कोई जानकारी न होने की पुष्टि हुई, जिससे मामला और स्पष्ट हो गया। तलाशी के दौरान युवकों के पास से बिना नंबर की बजाज पल्सर 125 सीसी मोटरसाइकिल और दो वीवो मोबाइल फोन बरामद किए गए। संयुक्त टीम ने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई न होती तो लड़की मानव तस्करी का शिकार हो सकती थी। इसके मद्देनजर लड़की की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उसे तथा दोनों युवकों को मानव सेवा संस्थान ‘सेवा’ की उपस्थिति में एएचटीयू उत्तर प्रदेश पुलिस सिद्धार्थनगर को शाम 8 बजे अग्रिम कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!