पयागपुर में आमने-सामने बाइक टक्कर, तीन घायल—एक की हालत गंभीर

पयागपुर (बहराइच)। पयागपुर क्षेत्र के अर्जुन पुरवा चौराहे पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार रामतेज चौहान (61) पुत्र श्यामंता अपने पुत्र अमरनाथ चौहान के साथ झूला घाट ग्राम से पयागपुर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे सत्यम (19) पुत्र राजेंद्र गुप्ता निवासी गंगवाल बाजार की बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं और तीनों सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे में रामतेज चौहान के सिर में चोट आई है, जबकि अमरनाथ चौहान के हाथ में चोट लगी। वहीं सत्यम के नाक में गंभीर चोट लगने से काफी देर तक खून बहता रहा।
सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पयागपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सत्यम की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार चौराहे पर तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते इस तरह की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


