सभी तहसीलों में आयोजित हुआ समाधान दिवस, डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादें

दैनिक बुद्ध का संदेश
बहराइच। बहराइच जनपद की सभी तहसीलों में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इस दौरान जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह की अध्यक्षता में सदर तहसील में विशेष रूप से जनसुनवाई की गई। सदर तहसील में आयोजित समाधान दिवस के दौरान कुल 102 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 13 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को शीघ्र निस्तारण के निर्देशों के साथ अग्रसारित किया गया। डीएम और एसपी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आमजन को न्याय के लिए भटकना न पड़े और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो। समाधान दिवस के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे तथा फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनी गई।




