नवरात्रि पर चेयरमैन उमा अग्रवाल ने माँ पल्टा देवी मंदिर में किया पूजन-अर्चन

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर नगर पंचायत शोहरतगढ़ की चेयरमैन उमा अग्रवाल ने अपने परिवार के साथ क्षेत्र के प्रसिद्ध देवी स्थान माँ पल्टा देवी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने नगर एवं क्षेत्रवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। माँ पल्टा देवी मंदिर की महिमा दूर-दूर तक विख्यात है। श्रद्धालुओं में मान्यता है कि मां के दरबार में सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य पूरी होती है और भक्तों की मनोकामनाएं माता की कृपा से पूर्ण होती हैं। मंदिर को लेकर यह भी जनश्रुति है कि इसका इतिहास द्वापर युग और महाभारत काल से जुड़ा है। मान्यता है कि पांडवों ने यहां दर्शन-पूजन के बाद अपना राजपाट पुनः प्राप्त किया था। मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन के दौरान भक्तों की भीड़ रही। इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।




