हर दिन आएंगे स्कूल

सिद्धार्थनगर। सदर ब्लॉक नौगढ़ के प्राथमिक विद्यालय झंडेनगर में शनिवार को वार्षिकोत्सव एवं शारदा संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक नियाज़ अहमद ने कहा कि नामांकन के बाद नियमित स्कूल न आने से बच्चे धीरे धीरे शिक्षा की मुख्य धारा से अलग हो जाते हैं। अधिकतर माँ बाप अपने बच्चों को विभिन्न घरेलू कामों में व्यस्त रखकर उन्हें नियमित स्कूल नहीं भेजते तो कुछ बच्चे लगातार अपनी नानी, मौसी आदि के यहाँ चले जाते हैं, जिससे उनकी पढ़ाई बाधित हो जाती है। कार्यक्रम में ड्राप आउट बच्चों के पुनः नामांकन एवं उनकी नियमित शिक्षा तथा नवीन सत्र में शतप्रतिशत नामांकन, उपस्थिति एवं ठहराव पर विस्तृत चर्चा की गई। सभी अभिभावकों ने अपने बच्चों को हर दिन स्कूल भेजने का संकल्प लिया। वार्षिकोत्सव में बच्चों द्वारा विविध मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति कर बच्चों ने अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रधानाध्यापक द्वारा आधिकतम नियमित उपस्थिति वाले बच्चों तथा उत्कृष्ट सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। अधिकतम उपस्थिति वाले बच्चों के अभिभावकों की सराहना करते हुए उन्हें भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सहायक अध्यापिका साधना श्रीवास्तव एवं एसयमसी अध्यक्ष चौधरी चौहान सहित कमलावती, शिवशंकर, रामू पासवान, रीना, बुलबुल, माया, प्रेमादेवी एवं अनीता आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।




