बोलेरो व बाइक की आमने-सामने टक्कर, बाइक सवार गंभीर रूप से घायल

दैनिक बुद्ध का संदेश
जोगिया/सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर जिले के जोगिया थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे स्थित ककरही पुल के पास बोलेरो और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।जानकारी के अनुसार जोगिया कोतवाली क्षेत्र के मुडिला निवासी रामचंद्र (35) पुत्र बेचू अपनी पत्नी के साथ दोपहर बाद बांसी की ओर से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह नेशनल हाईवे पर ककरही पुल के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को एंबुलेंस के जरिए इलाज के लिए माधव प्रसाद मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की जांच की जा रही है।




