आकांक्षी ब्लॉक प्रोग्राम के पच्चास संकेतक की समीक्षा बैठक सम्पन्न

खेसरहा/सिद्धार्थनगर। आकांक्षी ब्लॉक प्रोग्राम की समीक्षा बैठक खेसरहा ब्लॉक में खण्ड विकास अधिकारी के अध्यक्षता एवं जिला अपर संख्या अधिकारी वीरेन्द्र सिंह की उपस्थिति में आयोजित की गई। बैठक का संचालन नीति आयोग के एबीपी फेलो दुर्गेश कुमार ने किया। बैठक में ब्लॉक के विभिन्न विभागों के अधिकारियों, प्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने भाग लिया, जहां आकांक्षी ब्लॉक के तहत चल रही विकास योजनाओं और परियोजनाओं तथा नीति आयोग द्वारा निर्धारित की गई पच्चास इंडिकेटर के प्रगति पर गहन चर्चा की गई। ए.डी.ई.एस.टी.ओ वीरेन्द्र द्वारा सभी विभागों को उचित सुझाव देते हुए प्रगति लाने का निर्देश दिया। वहीं खण्ड विकास अधिकारी ने सभी विभागों के कार्यों का विस्तृत समीक्षा किया और प्रगति के बारें में अधिकारियों से रिपोर्ट ली। बैठक में शिक्षा क्षेत्र में सुधार की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों ने स्कूलों को निपुण बनाने पर विशेष बल देते हुए सौ प्रतिशत स्कूलों पर पुस्तकालय सुचारू रूप से क्रियान्वयन के विषय में बताया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के अधीक्षक डॉ0 सुजीत पाण्डेय ने स्वास्थ्य विभाग की स्थिति की समीक्षा के दौरान गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण, जांच, प्रसव सेवा, टीकाकरण कार्यक्रम तथा चिकित्सीय सुविधाओं की उपलब्धता के विषय में जानकारी दी। बाल विकास परियोजना अधिकारी आनन्द प्रकाश श्रीवास्तव ने पोषण सम्बन्धित इंडिकेटर के प्रगति पर जानकारी उपलब्ध कराई। वहीं ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधान के अगुआई में काम करने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये गये। विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू किया जा सकें और लाभार्थियों तक समय पर सुविधाएं पहुंच सकें। इस दौरान सहयोगी संस्था पीरामल फाउंडेशन, यूनिसेफ और एसोसिएशन फॉर वालेंटिरी एक्शन के लोगों ने भी अपनी कार्ययोजना के विषय में विस्तृत जानकारी दिया। पीरामल फाउण्डेशन के द्वारा पुस्तकालय और पंचायत लीड कार्यक्रम के विषय में भी बताया गया। बैठक के अन्त में खण्ड विकास अधिकारी ने सभी विभागों को शीघ्र निर्धारित समय सीमा के भीतर योजनाओं को पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही अधिकारियों को क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रूप से काम करने की सलाह दी गई। इस दौरान अधीक्षक डॉ0 सुजीत पाण्डेय, सीडीपीओ आनन्द प्रकाश, आकांक्षी ब्लॉक फेलो दुर्गेश कुमार, पीरामल फाउण्डेशन से सत्येन्द्र सिंह, योगेन्द्र मोहन, एएफवीए से अभिनव द्विवेदी, मानव सेवा संस्थान सेवा से जयप्रकाश गुप्ता यूनिसेफ से धीरज आदि ब्लाक के सभी विभाग के लोग उपस्थित रहे।




