तीन दिवसीय नारी जागरण संगोष्ठी का मशाल यात्रा के साथ हुआ समापन

बलरामपुर। गायत्री तीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार में आयोजित तीन दिवसीय नारी जागरण संगोष्ठी का मशाल यात्रा के साथ समापन हुआ। इस शिविर में उत्तर प्रदेश के सभी जिलों के सक्रिय एवं कर्मठ कार्यकर्ता बहिनों ने भाग लिया। शिविर समापन के अवसर पर पूरे उत्तर प्रदेश राज्य के सभी जिलों में जिला स्तरीय नारी जागरण शिविर आयोजित करने का संकल्प उभरा। जिला स्तरीय नारी जागरण श्रृंखला का प्रथम शिविर लखीमपुर खीरी जिले में आयोजित किया जाएगा। इस पावन संकल्प की प्रेरणादायी मशाल देव संस्कृति विश्व विद्यालय के प्रति कुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या जी एवं श्रीमती शेफाली पांड्या के कर कमलों से लखीमपुर खीरी जिले के स्वयंसेवक भाइयों-बहनों को सौंपी गई। जिस नारी जागरण अभियान का श्रीगणेश परम वंदनीया माताजी के संकल्पों से हुआ उस अभियान में सक्रिय, अग्रणी हजारों नारियों ने नवयुग का उदघोष करते हुए विशाल शोभायात्रा निकाली। चौतन्य तीर्थ शांतिकुंज के सजल श्रद्धा, प्रखर प्रज्ञा पर गुरु स्मरण करते हुए तीन दिवसीय नारी जागरण संगोष्ठी का उदात्त वातावरण में समापन हुआ। नारी जागरण संगोष्ठी में बलरामपुर जनपद से राम दुलारी, मंजू जायसवाल, नीलम वर्मा, कृष्णावती जायसवाल,चेतना कुंड, संजय जायसवाल, मीरा मिश्रा, पूनम श्रीवास्तव, रामदुलारी गुप्ता, राधा गुप्ता,सीताराम वर्मा, संजय जायसवाल, कृष्णा सिंह,राधा गुप्ता,गायत्री शक्तिपीठ बलरामपुर के व्यवस्थापक सतीश मिश्रा और सुभाष मिश्रा समेत 14 लोगों ने प्रतिभाग कर प्रशिक्षण प्राप्त किया।




