पयागपुर: कंजे भरिया में भीषण अग्निकांड, 85 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख

दैनिक बुद्ध का संदेश
पयागपुर/बहराइच। तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत कंजे भरिया में सोमवार दोपहर अचानक लगी भीषण आग ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। इस अग्निकांड में सात से अधिक किसानों की करीब 85 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।बताया जाता है कि दोपहर करीब 12रू30 बजे खेतों से धुएं का गुबार उठता देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग शोर मचाते हुए खेतों की ओर दौड़े, लेकिन तेज पछुवा हवाओं के चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने पंपसेट और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, पर लपटों की तीव्रता के आगे प्रयास नाकाफी साबित हुए और कुछ ही देर में 85 बीघा फसल जलकर स्वाहा हो गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका, जिससे आसपास के अन्य खेतों को बचाया जा सका। मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल विद्या प्रकाश शाह ने नुकसान का सर्वे किया। लेखपाल के अनुसार, इस अग्निकांड में मुख्य रूप से नरेंद्र बहादुर सिंह, इंद्र प्रताप, कपिल देव, वीरेंद्र बहादुर सिंह, यदुनंदन, राम सुहावन और आनंद सिंह की फसलें प्रभावित हुई हैं। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट प्रशासन को भेजी जा रही है, ताकि पीड़ित किसानों को शीघ्र सरकारी सहायता और उचित मुआवजा दिलाया जा सके। घटना के बाद खेतों में राख के ढेर देखकर किसान बदहवास नजर आए। उनका कहना है कि साल भर की मेहनत और आजीविका कुछ ही घंटों में जलकर खत्म हो गई।




