गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण, खरीद बढ़ाने और पारदर्शिता के निर्देश

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन द्वारा जोगिया-1, जोगिया-2 तथा बांसी स्थित गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीद अपेक्षाकृत कम पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने जोगिया-1 केंद्र प्रभारी से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के नि¬र्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों से सीधे संपर्क कर उन्हें क्रय केंद्रों पर गेहूं बेचने के लिए प्रेरित किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसानों का गेहूं सीधे क्रय केंद्रों पर ही खरीदा जाए और बिचौलियों के माध्यम से खरीद पूरी तरह प्रतिबंधित रहे। उन्होंने किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए और कहा कि तौल में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था और छाया की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को गेहूं का भुगतान समय से किया जाए, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।




