चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों से रूबरू हुए भाजपा नेता श्याम जायसवाल

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। विधानसभा क्षेत्र 302 शोहरतगढ़ के अंतर्गत ग्राम महदेवा नानकार, रमवापुर तिवारी, अटकोनिया, खुनुवां और बगहवा समेत विभिन्न गांवों में भाजपा नेता श्याम जायसवाल ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। चौपाल कार्यक्रम के दौरान श्याम जायसवाल ने ग्रामीणों से योजनाओं के क्रियान्वयन, क्षेत्रीय विकास तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की है और इसके लिए जनप्रतिनिधियों का जनता के बीच पहुंचकर संवाद करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास, जन आकांक्षाओं और सामाजिक सरोकारों को लेकर लगातार लोगों से संपर्क किया जा रहा है। जनता का स्नेह और सहयोग ही उन्हें जनसेवा के लिए प्रेरित करता है। उनका संकल्प क्षेत्र के प्रत्येक गांव के विकास और प्रत्येक नागरिक के सम्मान को सुनिश्चित करना है। भाजपा नेता ने चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों का विश्वास और अपनत्व उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने लोगों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की।इस अवसर पर प्रधान राम मिलन चौधरी, सचमुच त्रिपाठी, सेक्टर अध्यक्ष अजीत चौरसिया, अंबिका प्रसाद मिश्रा, पूर्व प्रधान धीरेंद्र चौधरी, फूलचंद गुप्ता, संजय राजभर, कैलाश गुप्ता, रोजगार सेवक रंजीत गोस्वामी, राजकुमार पाल, प्रभु दयाल, रामू यादव, बूथ अध्यक्ष टिंकू चौधरी, बबलू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
