गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर

नौकरी का झांसा देकर ठगी के आरोप में नेपाल भेजे गए 453 नेपाली नागरिक

दैनिक बुद्ध का संदेश
बढ़नी/सोनौली। नेपाल के युवकों और युवतियों को नौकरी का प्रलोभन देकर नेटवर्क मार्केटिंग के माध्यम से कथित ठगी कराने तथा उसमें संलिप्त होने के आरोप में 453 नेपाली नागरिकों को कुशीनगर पुलिस ने नेपाल-भारत सीमा पर नेपाली पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई नई दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास से प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई। उत्तर प्रदेश पुलिस ने कुशीनगर जिले में रह रहे 453 नेपाली नागरिकों को निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद 11 वाहनों के माध्यम से शनिवार दोपहर सोनौली सीमा पर पहुंचाया, जहां उन्हें नेपाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। बताया गया कि नेपाली दूतावास को शिकायत मिली थी कि कुशीनगर जनपद में बड़ी संख्या में नेपाली नागरिकों को कथित चेन मार्केटिंग सिंडिकेट और ऑनलाइन ठगी से जुड़ी गतिविधियों में शामिल किया जा रहा है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया था कि कुछ लोगों को अवैध रूप से बंधक बनाकर रखा गया तथा उनके मानवाधिकारों का उल्लंघन किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दूतावास ने भारतीय अधिकारियों से हस्तक्षेप कर संबंधित लोगों को मुक्त कराने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया था। उधर, कसया थाना क्षेत्र में संचालित नेटवर्क मार्केटिंग गतिविधियों को लेकर भी कई शिकायतें पुलिस को प्राप्त हुई थीं। आरोप था कि बेरोजगार युवाओं को नौकरी और अधिक आय का लालच देकर नेटवर्क से जोड़ा जाता था तथा उनसे धनराशि जमा कराई जाती थी। बाद में निवेश की गई रकम वापस न मिलने पर पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है तथा शिकायतों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!