भूमि क्रय को लेकर परिवहन विभाग, परिवहन निगम प्राइवेट लिमिटेड से करायें स्थानान्तरित

शोहरतगढ़़/सिद्धार्थनगर। विधानसभा क्षेत्र शोहरतगढ़़ में जनता की सुविधा और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए विधायक विनय वर्मा ने शोहरतगढ़ और बढ़नी दोनों स्थानों पर बस अड्डे के निर्माण के लिए पहल किया था। आपको बता दें कि विधायक ने सर्वप्रथम इन दोनों स्थानों पर भूमि चिन्हित करायी गयीं। तत्पश्चात जिलाधिकारी डा0 राजा गणपति आर0 द्वारा भूमि क्रय के प्रस्ताव को लेकर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह को पत्र भेजा गया। इसके साथ ही विधायक ने परिवहन मंत्री से भेंटकर इस विषय पर विस्तार से चर्चा किया और उक्त प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह भी किया। वहीं विधायक विनय वर्मा के अनुरोध पर परिवहन मंत्री ने इस प्रस्ताव को संज्ञान में लेते हुए प्रमुख सचिव को त्वरित कार्यवाही हेतु भेज दिया। उन्होंने जनता की मांग को स्वीकार करते हुए बस अड्डा निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी है और अब उक्त प्रस्ताव राज्य कैबिनेट की मंजूरी की प्रक्रिया में है। सरकार द्वारा इन बस अड्डों के लिए शोहरतगढ़ के लिए ₹60,73,212 लाख (भूमि क्षेत्रफलरू 0.482 हेक्टेयर) एवं बढ़नी के लिए ₹42,00,006 लाख (भूमि क्षेत्रफलरू 0.200 हेक्टेयर) की लागत से भूमि क्रय की जायेगी। वहीं विधायक ने परिवहन मंत्री को पत्र लिखकर बताया कि बस अड्डों की प्रक्रिया को परिवहन विभाग, परिवहन निगम प्राइवेट लिमिटेड से स्थानान्तरित कराया जायें, क्योंकि इससे सरकार को यह भूमि निःशुल्क प्राप्त हो जायेगी। इससे सरकारी खर्च में कमी आयेगी और निर्माण प्रक्रिया भी अधिक सुगम हो जायेगी। ये बस स्टेशन न केवल क्षेत्रवासियों को बेहतर परिवहन सुविधा देंगे, बल्कि व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देंगे। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह द्वारा विधानसभा शोहरतगढ़ क्षेत्र की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए विधायक विनय वर्मा ने हृदय से आभार प्रकट किया।




