पंचायत चुनाव में देरी पर प्रधानों का विरोध, कार्यकाल बढ़ाने की मांग

दैनिक बुद्ध का संदेश
बहराइच। पंचायत विकास मंच के बैनर तले बलहा और शिवपुर ब्लॉक के प्रधानों ने पंचायत चुनाव में हो रही देरी को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया। इस दौरान प्रधानों ने खंड विकास अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए वर्तमान कार्यकाल बढ़ाने तथा मनरेगा के लंबित भुगतान को शीघ्र जारी करने की मांग उठाई। बलहा विकासखंड में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानों ने कहा कि यदि समय पर पंचायत चुनाव नहीं कराए जाते हैं, तो वर्तमान प्रधानों को ही प्रशासक के रूप में कार्य जारी रखने की अनुमति दी जानी चाहिए, ताकि विकास कार्यों की निरंतरता बनी रहे। कार्यक्रम संयोजक सूरज शुक्ला, डॉ. श्याम चौधरी एवं प्रधान संघ के अध्यक्ष भगवानदीन मिश्रा समेत अन्य वक्ताओं ने बताया कि मनरेगा 2005 के अंतर्गत कराए गए कार्यों का भुगतान लंबे समय से लंबित है। श्रमांश और सामग्री मद में करोड़ों रुपये बकाया हो चुके हैं, जिससे आपूर्ति करने वाली फर्मों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि 26 मई 2026 को कार्यकाल समाप्त होने से पहले भुगतान न होने पर गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो सकता है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण में देरी, समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन न होना तथा ‘ट्रिपल टेस्ट’ प्रक्रिया अधूरी रहने के कारण पंचायत चुनाव में विलंब हो रहा है। संगठन ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए कार्यकाल बढ़ाने की मांग दोहराई। इस अवसर पर सूरज शुक्ला, डॉ. श्याम चौधरी, भगवानदीन मिश्रा, रामसुंदर पांडेय, सूर्य प्रकाश सिंह (बुल्लू सिंह), गुलाम वारिस, सादिक हुसैन, मेराज खान, रामनारायण यादव, गुड्डू चौधरी, कमला प्रसाद वर्मा, राज कुमार राव, मंगल दास, राम छबीले निषाद, कोमल निषाद, अफ्फान खान, सलमान, कलीम, झब्बर सहित बड़ी संख्या में प्रधान व पदाधिकारी मौजूद रहे।



