गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशबस्ती

नवज्योति मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में मिल रही आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं – डॉ. प्रेम प्रकाश दूबे

दैनिक बुद्ध का संदेश
बस्ती। नवज्योति मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के संस्थापक एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रेम प्रकाश दूबे ने कहा कि एक छत के नीचे बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। अस्पताल में मरीजों को अनुभवी चिकित्सकों की देखरेख में उच्चस्तरीय उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे जनपद और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़े शहरों की तरह गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकें। डॉ. दूबे ने बताया कि नवज्योति मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में ऑर्थाे, यूरो, जनरल सर्जरी, मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग सहित कई महत्वपूर्ण विभागों की सेवाएं उपलब्ध हैं। यहां अत्याधुनिक मशीनों और आधुनिक तकनीक के माध्यम से मरीजों की जांच और उपचार किया जाता है। अस्पताल में स्वच्छता, अनुशासन और मरीजों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाता है। साथ ही इमरजेंसी सेवाएं भी चौबीसों घंटे उपलब्ध हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तुरंत उपचार मिल सके। अस्पताल की सर्जन डॉ. विदुषी दूबे ने महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर विशेष रूप से जागरूकता की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि आज भी कई महिलाएं और किशोरियां संकोच के कारण अपनी स्वास्थ्य समस्याओं को छिपा लेती हैं। इसके कारण कई सामान्य बीमारियां समय के साथ गंभीर रूप ले लेती हैं। उन्होंने बताया कि स्तन में गांठ, पाइल्स और अन्य स्त्री रोग संबंधी समस्याएं प्रारंभिक अवस्था में आसानी से ठीक हो सकती हैं, लेकिन संकोच और लापरवाही के कारण कई बार स्थिति जटिल हो जाती है। डॉ. विदुषी दूबे ने कहा कि विशेष रूप से नवविवाहित महिलाएं कई बार अपनी समस्याओं को खुलकर नहीं बता पातीं। ऐसे में परिवार और समाज को भी इस विषय में जागरूक होने की जरूरत है ताकि महिलाएं बिना किसी झिझक के डॉक्टर से परामर्श ले सकें। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहना चाहिए और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर समय पर जांच करानी चाहिए। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को सलाह देते हुए कहा कि यदि शादी के तुरंत बाद बच्चा नहीं चाहते हैं तो डॉक्टर की सलाह लेकर सुरक्षित गर्भनिरोधक उपाय अपनाने चाहिए। बिना चिकित्सकीय सलाह के कोई भी दवा या उपाय अपनाना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह हो सकता है। सही जानकारी और उचित परामर्श से परिवार नियोजन को सुरक्षित और स्वस्थ तरीके से अपनाया जा सकता है। डॉ. विदुषी दूबे ने यह भी कहा कि वर्तमान समय में एक और प्रवृत्ति देखने को मिल रही है कि कई महिलाएं छोटी-छोटी समस्याओं के कारण जल्दबाजी में अपनी बच्चेदानी निकलवा देती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा निर्णय लेने से पहले महिलाओं को धैर्य का परिचय देना चाहिए और विशेषज्ञ डॉक्टर से पूरी जांच व सलाह लेनी चाहिए। कई मामलों में दवा या अन्य उपचार से समस्या का समाधान संभव होता है और सर्जरी की आवश्यकता नहीं पड़ती। डॉ. प्रेम प्रकाश दूबे ने कहा कि नवज्योति मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल का उद्देश्य केवल इलाज करना ही नहीं बल्कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है। अस्पताल प्रबंधन का प्रयास है कि मरीजों को सस्ती, सुलभ और विश्वसनीय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हों। भविष्य में अस्पताल में और भी नई सुविधाएं जोड़ने की योजना है, जिससे जनपद बस्ती और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!