परिवहन विभाग द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध की गई सख्त कार्रवाई

दैनिक बुद्ध का संदेश
गोन्डा। जनपद के एआरटीओ (प्रशासन) आर.सी. भारतीय के नेतृत्व में परिवहन विभाग द्वारा अखिल भारतीय पर्यटक परमिट वाहनों एवं सामान्य यात्री वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य सड़कों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना।अभियान के दौरान विभिन्न मार्गों पर सघन चेकिंग की गई, जिसमें पर्यटक परमिट से संचालित वाहनों एवं सामान्य यात्री वाहनों के दस्तावेजों की गहन जांच की गई।जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।इसी क्रम में एक बस को आवश्यक दस्तावेजों में कमी एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के कारण चालान किया गया। इसके अतिरिक्त एक अन्य वाहन को नियमों का पालन न करने के कारण जब्त किया गया।एआरटीओ (प्रशासन) आर.सी. भारतीय ने अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए आवश्यक निर्देश भी दिए।उन्होंने सभी ड्राइवरों से अपील की कि वे सुरक्षित ड्राइविंग को प्राथमिकता दें और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहन चलाएं।उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है बल्कि यह सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण भी है।इसके साथ ही ड्राइवरों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे थकान या नींद की स्थिति में वाहन न चलाएं। लंबी दूरी की यात्रा के दौरान समय-समय पर विश्राम लेना अत्यंत आवश्यक है, ताकि सड़क पर किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि सतर्क और जिम्मेदार ड्राइविंग ही सुरक्षित यात्रा की कुंजी है।परिवहन विभाग द्वारा चलाया गया यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।विभाग का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना, नियमों का पालन सुनिश्चित कराना तथा यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है।विभाग ने सभी वाहन चालकों एवं वाहन स्वामियों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।




