पांच महीने में उखड़ने लगी सड़क, ग्रामीणों में आक्रोश; जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत

दैनिक बुद्ध का संदेश
बहराइच। लोक निर्माण विभाग द्वारा विशेश्वरगंज क्षेत्र के पहुंचकट्टा से गुरचाही संपर्क मार्ग का निर्माण कराया गया था, लेकिन सड़क की गुणवत्ता पर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के मात्र पांच महीने बाद ही सड़क जगह-जगह से भरभराकर उखड़ने लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई है, जिसके चलते इतनी जल्दी सड़क खराब हो गई। सड़क की हालत खराब होने से आवागमन में भी लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। ग्रामीणों ने सड़क की खराब गुणवत्ता की शिकायत जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराते हुए संबंधित अधिकारियों से जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। वहीं इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




