रामभद्राचार्य जी के श्रीमुख से वशिष्ठ रामायण कथा 18 से, तैयारियां पूरी

दैनिक बुद्ध का संदेश
बस्ती। मंगलवार को महर्षि वशिष्ठ मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा और वशिष्ठ रामायण कथा के निमित्त आयोजित भव्य कलश यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु भक्त सम्मिलित हुए। कलश यात्रा जागेश्वर नाथ धाम तिलकपुर मंदिर से प्रारंभ होकर बढ़नी मिश्र कथा स्थल तक गाजे-बाजे और जय श्रीराम , गुरु वशिष्ठ के जयकारों के साथ पहुंची। यात्रा में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर मंगल गीत गाती हुई श्रद्धा और उल्लास के साथ आगे बढ़ रही थीं। सजे-धजे रथ पर भगवान गणेश, महर्षि वशिष्ठ, श्रृंगी ऋषि एवं देवरहा बाबा की झांकियां आकर्षण का केन्द्र रहीं। मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया। डीजे की धुन पर नृत्य करते बड़ी संख्या में युवा भी सम्मिलित हुए। कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना दिया। कार्यक्रम संयोजक राना दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि महर्षि वशिष्ठ मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा एवं वशिष्ठ रामायण कथा की सभी तैयारियां पूर्ण हो चुकी है । समिति बनाकर सैकड़ो धर्म योद्धाओं को दायित्व सौंपे गये हैं। कथा पंडाल के निकट ही चार जगहों पर गाड़ी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। किसी भी समस्या के लिए कथा स्थल पर कार्यालय और कंट्रोल रूम में 9936114625 पर संपर्क किया जा सकता है। श्री राना ने बताया कि 18 से 26 फरवरी तक चलने वाली वशिष्ठ रामायण कथा का वाचन तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी के श्रीमुख से होगा। इस दौरान लाखों श्रद्धालु कथा का रसपान करेंगे। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से वशिष्ठ धाम की ख्याति और गौरव देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में फैलेगा। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए श्रद्धालु भक्तों से आग्रह करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में कथा स्थल पर पहुंचकर वशिष्ठ रामायण कथा का श्रवण करें और इस पुण्य अवसर का लाभ उठाएं। बताया कि श्रद्धालु भक्तों को नेशनल हाईवे के निकट गोटवा और नगर मार्ग पर खजुरिया के पास सड़क मार्ग से प्रवेश का प्रबन्ध किया गया है। कलश यात्रा में मुख्य रूप से नगर पंचायत नगर की अध्यक्ष नीलम सिंह राना, सतीश मिश्र, रत्नेश मिश्र, विकास मिश्र, सत्यम मिश्र, डॉक्टर विजय मिश्र, आशुतोष मिश्रा, मनु पंडित सहित सैकड़ो श्रद्धालु भक्तगण उपस्थित रहे।




