असम मुख्यमंत्री के बयान पर बहराइच में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, पुतला दहन के दौरान पुलिस से नोकझोंक

दैनिक बुद्ध का संदेश
बहराइच। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा द्वारा कांग्रेस नेताओं पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी बहराइच के तत्वावधान में कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब पुतला दहन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक हुई। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने हालात को काबू में करने की कोशिश की, लेकिन कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। जिलाध्यक्ष शिवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री को कांग्रेस नेताओं पर टिप्पणी करने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस तरह की बयानबाजी पर रोक नहीं लगी तो कांग्रेस भविष्य में और बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे जैसे वरिष्ठ गांधीवादी नेता और पार्टी अध्यक्ष का अपमान कांग्रेस कार्यकर्ता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे। साथ ही राहुल गांधी और पवन खेड़ा के खिलाफ की गई टिप्पणी को भी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ हुए संघर्ष में एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता को हल्की चोटें भी आईं। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष रवि श्रीवास्तव, शेख जकरिया, हमजा, शाहिद, राम नरेश यादव, मालती पासवान, रवीन्द्र स्वरूप, पूजा भारती, करुणेश त्रिवेदी, अभिषेक गुप्ता, शाहिद जमील, डॉ. हलीम, रामगोपाल मिश्रा, डॉ. जे.डी. झा, सादात अहमद, एम. शफीक, राजन शर्मा, मुकीम अहमद, बबलू महाराज, शिवा यादव उर्फ दुलारे पहलवान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि अपने नेताओं के सम्मान के खिलाफ किसी भी तरह की अभद्र टिप्पणी का कड़ा विरोध जारी रहेगा।




