नगरपालिका सिसवा में 1.95 करोड़ की लागत से विवाह भवन का शिलान्यास

दैनिक बुद्ध का संदेश
महराजगंज/सिसवा बाजार। सिसवा नगरपालिका के विवेकानंद नगर वार्ड स्थित गुड़ गोदाम परिसर में शुक्रवार को विवाह भवन निर्माण का शिलान्यास वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। नगरपालिका अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल और उनके प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने विधिवत भूमि पूजन कर भवन की आधारशिला रखी। भूमि पूजन की प्रक्रिया ज्योतिषाचार्य द्वारिका नाथ मिश्र के निर्देशन में पूरी की गई। नगरपालिका द्वारा राज्य वित्त/निकाय निधि से इस परियोजना पर 1 करोड़ 95 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यह विवाह भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा, जिससे क्षेत्रवासियों को कम खर्च में सामाजिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध हो सकेगा। प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने बताया कि भवन में पाथवे, विशाल बैंक्वेट हॉल, मंडप, जनरेटर कक्ष, रसोईघर और डाइनिंग हॉल जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त चार अतिथि कक्ष, आठ शौचालय तथा दो स्नानघर भी बनाए जाएंगे, ताकि आयोजनों के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। परिसर को सुव्यवस्थित और उपयोगी बनाने के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का भी प्रावधान किया गया है। कार्यक्रम के दौरान सभासद प्रमोद जायसवाल, अभिमन्यु चौरसिया, सूरज पांडेय, जितेंद्र सिंह, रघुबर यादव, रामेश्वर जायसवाल, मुन्ना गोंड, शिव तिवारी, विष्णु प्रसाद, विनोद गुप्ता, कपिलदेव भारती और विनायक शर्मा सहित नगरपालिका के कर्मचारी व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। नगरपालिका प्रशासन का कहना है कि विवाह भवन के निर्माण से क्षेत्र में सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और आम नागरिकों को सुलभ दरों पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो।

