एमआईएम प्रदेश अध्यक्ष के कथित विवादित बयान को लेकर लोगों में आक्रोश, दो नामजद पर मुकदमा दर्ज

दैनिक बुद्ध का संदेश
डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली चौधरी के विवादित बयान को लेकर शुक्रवार को क्षेत्र में आक्रोश का माहौल देखने को मिला। मामले को लेकर विभिन्न संगठनों और हिंदू समाज के लोगों ने थाना व तहसील स्तर पर तहरीर व ज्ञापन देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।विवादित बयान के संबंध में ब्लाक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष लवकुश ओझा ने प्रभारी निरीक्षक डुमरियागंज को तहरीर देकर आधा दर्जन ज्ञात व दर्जनों अज्ञात लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। वहीं भवानीगंज थाना परिसर में कर्मयोगी परिवार द्वारा चेयरमैन धर्मराज वर्मा के नेतृत्व में भी तहरीर सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की गई। इसी क्रम में कर्म योगी परिवार तत्वाधान में भारी संख्या में हिंदू जनमानस तहसील परिसर डुमरियागंज पहुंचा और एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष के बयान को लेकर विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने उपजिलाधिकारी राजेश कुमार को ज्ञापन सौंपकर भवानीगंज पुलिस द्वारा शांतिभंग में चालान किए गए व्यक्ति की जमानत नामंजूर किए जाने की मांग की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को जबजौवा, भुईगांवा और चकमझारी में आयोजित जनसभाओं के दौरान एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष द्वारा कथित तौर पर हिंदू समाज के विरुद्ध आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। हालांकि हम वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करते हैं। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि डुमरियागंज के पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह के विरुद्ध अपशब्द कहे गए तथा उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि सभा के दौरान मौजूद आधा दर्जन ज्ञात व दर्जनों अज्ञात लोगों ने भी भड़काऊ टिप्पणियां कर माहौल को उत्तेजित करने का प्रयास किया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। लवकुश ओझा ने कहा कि यदि समय रहते आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र का सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कदम उठाने की मांग की, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो चुकी है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।, वहीं पुलिस क्षेत्राधिकारी बृजेश कुमार वर्मा ने बताया कि भवानीगंज पुलिस द्वारा दो नामजद व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उपजिलाधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि प्राप्त ज्ञापन के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान चेयरमैन चंद्र प्रकाश वर्मा, प्रधान संघ अध्यक्ष दिलीप उर्फ छोटे पाण्डेय, लालजी शुक्ला, शैलेन्द्र रावत, राजन अग्रहरि, शत्रुहन सोनी, बब्बू पाठक, कमलेंद्र त्रिपाठी, सुगंध अग्रहरि, रविंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।



