लोकतंत्र की मजबूती पर जोर,आयुक्त व डीएम ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई शपथ

दैनिक बुद्ध का संदेश
गोण्डा। जनपद में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कमिश्नरेट एवं कलेक्ट्रेट परिसर में मतदाता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस दौरान आयुक्त देवीपाटन मण्डल शशि भूषण लाल सुशील ने कमिश्नरेट सभागार में तथा जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका निरंजन ने कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निष्पक्ष, निर्भीक एवं प्रलोभन-मुक्त मतदान की शपथ दिलाई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया पर निर्भर करती है।उन्होंने प्रत्येक नागरिक से बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया।आयुक्त ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा वर्तमान में चल रहे पुनरीक्षण कार्यक्रमों का नागरिकों को पूरा लाभ उठाना चाहिए।आयुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि किसी मतदाता का नाम मतदाता सूची से कट गया हो, किसी प्रकार की त्रुटि हो अथवा नाम,पता या अन्य विवरण में संशोधन कराना हो, तो संबंधित मतदाता समय रहते आवश्यक कार्यवाही अवश्य करा लें, ताकि निर्वाचन के समय किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे इस संबंध में आमजन को व्यापक स्तर पर जागरूक करें।




