जनपद के सभी गौ-शालाओं में सुरक्षा के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से स्थापित करने के निर्देश-डीएम
गौ-शालाओं के निकट उपलब्ध चारागाह की भूमि पर गौवंशों के लिए हरे चारे की बुआई कराने के निर्देश

दैनिक बुद्ध का संदेश
गोण्डा। जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद की गौ-शालाओं के सुचारु संचालन एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई।बैठक की अध्यक्षता डीएम श्रीमती प्रियंका निरंजन तथा मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने की। बैठक में जनपद के समस्त खण्ड विकास अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।डीएम ने गौ-शालाओं की वर्तमान स्थिति, गौवंशों के संरक्षण,चारा व्यवस्था एवं आधारभूत सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की।सभी खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विकास खण्डों में स्थित गौ-शालाओं के निकट उपलब्ध चारागाह की भूमि पर गौवंशों के लिए हरे चारे की बुआई अनिवार्य रूप से कराई जाए, जिससे गौवंशों को पौष्टिक एवं पर्याप्त चारा सुलभ हो सके और बाहरी निर्भरता कम की जा सके।सीडीओ अंकिता जैन ने निर्देश दिये कि जनपद की सभी गौ-शालाओं में सुरक्षा एवं निगरानी के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से स्थापित किए जाएं। साथ ही, इन कैमरों की मॉनिटरिंग हेतु मुख्यालय स्तर पर एक सुदृढ़ कंट्रोल रूम की स्थापना की जाए, जिससे गौ-शालाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा सके और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर त्वरित कार्यवाही की जा सके।बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी खण्ड विकास अधिकारी स्वयं अपने विकास खण्ड की गौ-शालाओं का नियमित रूप से निरीक्षण करें तथा व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गौ-शालाओं के संचालन में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी।




