सर्दी राहत अभियान के अन्तर्गत कम्बल वितरण कार्यक्रम हुआ सम्पन्न

बांसी/सिद्धार्थनगर। कड़ाके की ठण्ड को देखते हुए कम्हारिया युथ कमेटी द्वारा इकरा एजुकेशनल चेरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से “सर्दी राहत अभियान” के अन्तर्गत एक सामाजिक सेवा कार्यक्रम गरीब, असहाय व जरुरतमन्दों में कम्बल वितरण का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ग्राम कम्हरिया (बांसी) में शान्तिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुआ। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के जरूरतमन्द, वृद्ध, विधवा, दिव्यांग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को ठण्ड से राहत प्रदान करना था। कार्यक्रम के दौरान जरूरतमन्द लाभार्थियों को कम्बल वितरित किये गये। कम्बल वितरण की प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता एवं अनुशासन के साथ सम्पन्न किया गया। लाभार्थियों की सूची पूर्व में तैयार की गई थी तथा स्वयंसेवकों द्वारा कतारबद्ध तरीके से वितरण सुनिश्चित किया गया। वहीं प्रोग्राम के कॉर्डिनेटर शाह खालिद मिस्बाही ने बताया कि यह अभियान मानवीय सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से आयोजित किया गया है। संस्था आगे भी ऐसे सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को निरन्तर जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्थानीय युवाओं, स्वयंसेवकों एवं समाज के सहयोगकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके प्रति संस्था ने आभार व्यक्त किया।




