विधायक निधि से राप्ती नदी तट पर लगाए जा रहे स्वागत द्वार को नगर पंचायत ने रोका

डुमरियागंज। नगर पंचायत डुमरियागंज की सीमा में बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के लगाए जा रहे स्वागत द्वार के निर्माण पर शुक्रवार को नगर पंचायत प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कार्य को रुकवा दिया। यह स्वागत द्वार विधायक निधि से राप्ती नदी तट से पहले परशुराम वाटिका के सामने लगाया जा रहा था। जानकारी के मुताबिक स्वागत द्वार के लिए एक-दो दिन पहले ही फाउंडेशन का निर्माण कर दिया गया था और शुक्रवार की सुबह गेट खड़ा करने का कार्य शुरू किया जाना था। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद अधिशासी अधिकारी के नेतृत्व में नगर पंचायत प्रशासन मौके पर पहुंचा और निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोक दिया। ईओ सचिन कुमार पटेल ने बताया कि शासन व नगर पंचायत से बिना एनओसी लिए स्वागत गेट लगाया जा रहा था, राप्ती नदी के घाट के पास सड़क अत्यंत संकरी है। स्थानीय लोगों की आपत्ति के बाद कार्रवाई की गई है।




