पंचायत भवन पर लटकता रहता है ताला, लोगों को कैसे मिलेंगी सुविधाएं
हाथी दांत साबित हो रहा है ग्राम पंचायत बनगाई का पंचायत भवन

खुनियांव/सिद्धार्थनगर। विकास खण्ड खुनियांव में ग्रामीणों के हर तरह की सुविधाओं के लिए लाखों खर्च कर बनाये गये कई पंचायत भवन महज सफेद हाथी बन कर रह गये हैं। आलम यह है कि कही पंचायत भवन पर हमेशा ताला लटकता रहता है तो कहीं अधूरा है। विकास खण्ड के पंचायत भवन बनगांई में दोपहर 13रू05 मिनट पर पड़ताल में लापरवाहियों का अम्बार मिला। वहीं आस-पास के ग्रामीणों से जब इसके खुलने के बारें में जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि इस पंचायत भवन से ग्रामीणों को किसी भी तरह की सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। पंचायत भवन में बाउण्ड्री के अन्दर घास-फूस उगे हुए हैं और बाहर से कम्पलीट दिखाई दे रहा है। अन्दर के सभी कमरों पर दरवाजे/ फाटक आदि लगे हुए हैं, परन्तु न तो पंचायत सहायक मिला और न ही कोई अन्य कर्मचारी मौजूद मिला। वहीं आस-पास मौजूद ग्रामीणों से जब पंचायत भवन के सम्बन्ध में जानकारी ली गई तो बताया गया कि अभी पंचायत भवन अधूरा है। एक ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत भवन से कोई भी बुनियादी सुविधा नहीं मिल रही हैं। कई बार पंचायत भवन का चक्कर लगा चुके हैं।पंचायत भवन में भारी अव्यवस्थाएं हैं, संसाधनों का टोटा है। यहां आधे-अधूरे उपकरण रहते हैं और सारे उपकरण जिम्मेदारों के घरों की शोभा बढ़ा रहे हैं। ग्रामीणों ने वरिष्ठ अधिकारियों से पंचायत भवन को नियमित खुलवाने और हर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का मांग किया है। वहीं ग्राम प्रधान गिरधारी ने बताया कि पंचायत भवन में अभी अन्दर बहुत सारे काम बाकी है। हर घर नल हर नल जल योजना के अन्तर्गत पानी की टंकी बनाने वाले मजदूर उसी में रहते हैं। इसलिए पंचायत भवन में ताला लगा रहता है। इस सम्बन्ध में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह को फोन करने पर उन का मोबाइल नाट रिचेबुल बताया।




